बिधूना। तहसील के पीछे स्थित ग्राउंड पर चल रहे राज्यस्तरीय बिधूना प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को गुड़गांव व कानपुर यूनिवर्सिटी इलेविन क्लब के बीच मैच खेला गया। जिसमें गुड़गांव ने 132 रनों से कानपुर की टीम को हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच को शुभारंभ डॉ.सुनील वर्मा ने किया। भरत शर्मा को मैन ऑफ द मैच की ट्राफी दी गई।
शनिवार को पहला मैच गुड़गांव व कानपुर यूनिवर्सिटी इलेविन क्लब के टीम के बीच खेला गया। गुड़गांव टीम के ओपनर बल्लेबाज भरत शर्मा ने 34 गेंद में 74 रन, गोविंद राठौर ने 25 गेंद पर 31 रन बनाए। जिसके बाद अंकित प्रताप सिंह ने 23 गेंद में 43 रन, दीपक खत्री ने नौ गेंद में 24 रन, सत्यम ने 14 गेंद में 17 रन, मोहित कनौजिया ने 6 गेंद में 13 रनों की पारी खेलकर 20 ओवर में अपनी टीम का स्कोर 218 रनों तक पहुंचाया।
वहीं बल्लेबाजी करने उतरी कानपुर यूनिवर्सिटी इलेविन क्लब की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कोई खिलाड़ी क्रीज पर ज्यादा देर तक नहीं टिक सका और पूरी टीम 14.4 ओवर में महज 86 रनों के स्कोर पर सिमट गई। कानपुर टीम के बल्लेबाज सक्षम कुशवाहा ने 25 गेंद पर 21 व सलमान ने 16 गेंद पर 17 रन, तरुण ने नौ गेंद पर 10 रन की ही पारी खेली। कानपुर टीम में सात बल्लेबाज दो अंक की श्रेणी में नहीं पहुंच सके।
गुड़गांव टीम के गेंदबाज भरत भूषण ने 3.4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट झटके व शिवांग शर्मा ने 4 ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट लिए। वहीं अजय यादव, फैजान, सुलतान अंसारी ने भी 1-1 विकेट लिया। गुड़गांव के खिलाडी भरत शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मौके पर अपूर्ण यादव, रितेश शर्मा, विजय सागर ने अदा की। इस मौके पर शेखर यादव, राजीव सेंगर, विजय अग्निहोत्री, सुदीप कुशवाह आदि मौजूद रहे।