किराना व्यापारी की बेटी ने फंदा लगाकर दी जान
- ग्राइंडर से गेट काट कर पुलिस ने कमरे से निकाला शव
संवाद न्यूज एजेंसी
रुरुगंज। कस्बे के मुख्य बाजार में किराना व्यापारी की बेटी ने शनिवार दोपहर कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। शव लटकता देख परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्राइंडर से गेट काटकर शव को फंदे से उताकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रुरुगंज कस्बे के मेन मार्केट निवासी रामप्रकाश किराना व्यापारी है। बताया कि शनिवार दोपहर बेटी शिवानी (21) खाना खाने के बाद दूसरी मंजिल पर बने अपने कमरे में चली गई। शाम करीब चार बजे बेटी को बुलाने पत्नी रामश्री गईं, तो दरवाजा अंदर से बंद था। कोई आवाज न मिलने पर खिड़की से झांक कर अंदर देखा तो बेटी का शव छत के कुंडे पर दुपट्टे के सहारे से लटक रहा था। रामश्री के चीखने की आवाज पर पहुंचे परिजनों ने 112 पर पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्राइंडर की मदद से गेट को काटकर शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। सूचना पर पहुंचे सीओ बिधूना महेंद्र प्रताप सिंह ने घटना की जानकारी की। मृतका के भाई शिवम ने पुलिस को बताया कि शिवानी बिधूना के द्वारिका महाविद्यालय में डीएलएड द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वहीं घटनास्थल पर चर्चा रही कि किसी बात को लेकर शिवानी की घर वालों से कहासुनी हुई थी। इसी बात से नाराज होकर उसने फांसी लगाई है। सीओ बिधूना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।