एरवाकटरा। मैनपुरी के किशनी पुवाहा गांव का एक 22 वर्षीय युवक धर्मेंद्र सिंह सोमवार को उमरैन में एक दुकान पर अपना मोबाइल फोन लेने आया था, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। नाती के देर शाम वापस न पहुंचने पर वृद्ध नानी फूलमती को चिंता सताई तो, वह अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ ढूंढते हुए मंगलवार को उमरैन कस्बा पहुंची।
जहां उन्होंने कस्बे के दुकानदारों से अपने नाती की फोटो दिखाकर पूछताछ की। दुकानदारों ने बताया कि युवक को एक नीले रंग की बिना नंबर की कार पर कुछ लोग अपने साथ ले गए। जिसका कुछ लोगों ने चुपके से वीडियो भी बना लिया। चर्चा यह है कि गाड़ी पर सवार लोग एसओजी टीम के थे। जो युवक को किसी मामले में पूछताछ के लिए उठा ले गए।
धर्मेंद्र की नानी फूलमती ने बताया कि धर्मेंद्र उनकी इकलौती मानसिक विक्षिप्त पुत्री का इकलौता पुत्र है। जो उनके पास ही रहता है। परिवार के लोग जमीन जायजाद के बंटवारे को लेकर धर्मेंद्र से ईर्ष्या रखते हैं और कहीं किसी झूठे मामले में न फंसा दे, इसलिए वह चिंतित रहतीं हैं। एरवाकटरा थाना प्रभारी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर घटना की जानकारी कर उसकी तलाश कराई जाएगी।