सहार। थाना क्षेत्र के गांव पटना निवासी एक युवक ने पत्नी के फोन न उठाने से क्षुब्ध होकर घर के कमरे में छत पर लगे पंखे से साड़ी की मदद से गले में फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंचे सीओ व थाना पुलिस ने मृतक के शव को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के गांव पटना निवासी अनूप सिंह 23 की मां शिव कुमारी ने बताया कि उसका बेटा दिल्ली में पत्नी किरन के साथ रहा था। वहीं वह हरियाणा में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। पिछले कुछ दिनों से उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर लड़ाई हो गई। जिस पर वह दो दिन पहले पत्नी को उसके मथुरा के नगला मौजी स्थित ससुराल छोड़ आया था। जहां से वह मंगलवार को गोमती से अपने गांव पटना रात लगभग आठ बजे लौट आया था।
बताया कि रात में उसने अपनी पत्नी को फोन लगाया था। जहां पत्नी के फोन न उठाने पर वह कमरे में सोने चला गया। बुधवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया। तो उसने बेटी नीतू को भाई अनूप को जगाने भेजा। जहां उसने अनूप को फंदे पर लटका देखा। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। जहां लोगों ने कमरे के दरवाजे तोड़े। साथ ही पुलिस को सूचना दी। इस संबंध में सीओ अशोक कुमार ने बताया कि मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर शव को वीडियोग्राफी के साथ फंदे से उतारा गया। प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।