दिबियापुर। केंद्रीय विद्यालय में विभिन्न कक्षाओं में प्रवेश के लिए जारी मुख्य सूची के सभी प्रवेशार्थियों के प्रवेश 22 जुलाई तक पूरे कर लिए गए। मुख्य सूची के प्रवेशार्थियों के न आने से बची रिक्त सीटों के लिए प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों को मंगलवार को फोन से सूचित करके बुलाया जाएगा। नए प्रवेशार्थियों के लिए 27 जुलाई से कक्षाएं शुरू हो जाएंगीं।
विगत 15 जुलाई को केंद्रीय विद्यालय प्रशासन ने कक्षा एक, दो तीन, छह, 11 की विज्ञान एवं ह्यूमिनिटी की मुख्य एवं प्रतीक्षारत प्रवेशार्थियों की सूची जारी कर दी थी। मुख्य सूची में शामिल प्रवेशार्थियों को प्रवेश लेने के लिए 22 जुलाई तक का समय दिया गया था। मुख्य सूची के प्रवेशार्थियों के न आने पर रिक्त सीटों पर प्रतीक्षा सूची के प्रवेशार्थियों को प्रवेश दिया जाना है। सोमवार को बैठक के बाद सभी कक्षाओं में प्रवेशार्थियों की प्रतीक्षा सूची तैयार की गई।
केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्य स्नेलहलता के अनुसार प्रतीक्षा सूची तैयार कर ली गई है। प्रतीक्षा सूची में शामिल प्रवेशार्थियों को फोन करके बुलाया जाएगा। 26 जुलाई तक सभी कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। 27 जुलाई से सभी कक्षाएं विधिवत शुरू कर दी जाएंगीं। यहां बता दें कि पिछले चार वर्षों से एनटीपीसी केंद्रीय विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया बंद थी। लगातार तीन वर्षों से कक्षा एक में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया बंद रही। वर्तमान सत्र के शुरूआत में केंद्रीय विद्यालय ने कक्षा एक से तीन, छह और 11 की कक्षाएं बंद रखने की औपचारिक घोषणा कर दी थी। काफी जद्दोजहद के बाद एनटीपीसी केंद्रीय विद्यालय में पहली बार कक्षा एक से तीन छह एवं 11 में ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। ऑफलाइन आवेदन के बाद 11 से 14 जुलाई तक विभिन्न कक्षाओं के लिए लाटरी प्रक्रिया हुई थी। लाटरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पिछले शनिवार देर शाम केंद्रीय विद्यालय एनटीपीसी के नोटिस बोर्ड पर चयनित एवं प्रतीक्षारत प्रवेशार्थियों की सूची चस्पा कर दी गई थी। सूची की एक प्रति केंद्रीय विद्यालय एनटीपीसी की वेबसाइट पर भी डाल दी गई थी।