संवाद न्यूज एजेंसी
फफूंद।
मोहर्रम पर्व पर निकलने वाले ताजियों के जुलूस को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए नगर पंचायत के सहयोग से पुलिस ने कड़े कदम उठाए हैं। जिसको लेकर पुलिस ने ताजिया निकलने वाले रूट पर जगह जगह सीसीटीवी लगवाएं हैं। इसके लिए थाने में कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहीं से पूरे कस्बे की निगरानी होगी।
फफूंद कस्बे में मोहर्रम चांद की नौ तारीख को ताजियों का जुलूस निकाले जाते हैं। यह जुलूस जुबैरी, सैय्यदबाड़ा, भराव, बरकीटोला, बाजार होमगंज, बकरमंडी, तिवारियान होता हुआ मुख्य बाजार चमनगंज पहुंचता है। जहां से तिराह चमनगंज होते हुए मोहल्ला मेवातियांन के ताजिया से मिलाप के बाद संपन्न होता है। उसके बाद सभी ताजिया अपने अपने मुकाम पर वापस ले जाए जाते हैं।
दस मोहर्रम की शाम को भी दोबारा ताजियों का जुलूस इन्ही रास्तों से गुजरकर मोहल्ला मेवातियांन पहुंचता है। जहां लगे मेले में सभी ताजिया देर रात तक रखे रहते है और लोग फातिहा पढ़ने के बाद मन्नत मानते है। तड़के सुबह कर्बला मैदान में सभी ताजिया सुपुर्द-ए- खाक किए जाते हैं।
प्रभारी निरीक्षक जीवाराम ने बताया त्योहार पर शांति कायम रहे जिसको लेकर नगर पंचायत और प्रभारी निरीक्षक ने ताजिया रूट और मिलाप स्थलों पर चालीस से अधिक जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए है। इन्हीं कैमरों से ताजिया जुलूस व शामिल लोगों की निगरानी की जाएगी। इसके अलावा कस्बे में गश्त कर हर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।