औरैया। शहर के बनारसीदास मोहल्ला निवासी एक युवक का जालसाजों ने डेबिट कार्ड बदल कर 40 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने शनिवार को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बनारसीदास मोहल्ला निवासी ऋषभ चौधरी ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि शुक्रवार की दोपहर वह अपने पिता ओमप्रकाश का डेबिट कार्ड लेकर यमुना रोड किनारे एटीएम बूथ पर पहुंचा। जहां दो युवक पहले से खड़े थे। रुपये निकासी व मिनी स्टेटमेंट की जानकारी लेकर उसने डेबिट कार्ड का प्रयोग किया। जिसे दोनों युवक देखते रहे। लौटने पर एटीएम स्क्रीन पर कैंसल न होता देख वह परेशान हो गया। इसी दौरान दोनों युवकों ने बातचीत के दौरान उससे दोबारा डेबिट कार्ड लगाने के लिए कहा।
बातों में फंसाकर एक ने उसका डेबिट कार्ड बदल लिया। घर पहुंचने पर दूसरे का कार्ड देख वह पिता के साथ बैंक पहुंचा। जहां पता चला कि 40 हजार रुपये बैंक खाते से निकल गए। जिसके बाद डेबिट कार्ड लाॅक कराया गया। कोतवाल पंकज मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एटीएम बूथ की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।