संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। गांव असेनी क्षेत्र के गांवों में अवैध मिट्टी खनन कर रहे चार ट्रैक्टरों को पुलिस ने पकड़ लिया। कोई वैध कागजात न दिखा पाने पर चारों ट्रैक्टरों को सीज कर दिया है।
दिबियापुर क्षेत्र में इस समय अवैध रूप से मिट्टी खनन की अक्सर शिकायतें आ रहीं हैं, लेकिन जैसे ही पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचते हैं तो चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग खड़े होते हैं। थाना पुलिस के अनुसार शनिवार को असेनी क्षेत्र के खेतों में अवैध मिट्टी खनन होने की सूचना मिली।
इस मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने चार ट्रैक्टर कब्जे में ले लिए। काफी देर तक मिट्टी खनन करने वाले ट्रैक्टर पर मिले लोग मिट्टी खनन की परमीशन होने की जानकारी देते रहे। लेकिन काफी देर बाद भी अनुमति आदेश नहीं दिखा पाए। प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि चारों ट्रैक्टरों को सीज कर दिया गया है।