फफूंद (औरैया)। थाना क्षेत्र में गेहूं खरीददारी के लिए आए एक कारोबारी को पीटने और रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित ने आरोपियों पर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था। कानपुर देहात स्थित थाना डेरापुर क्षेत्र के गांव खल्ला निवासी हरनाम सिंह ने पुलिस को बताया कि वह गल्ले का व्यापार करता है। 16 मई 2026 को वह अपने साथियों के साथ सरैया के पास गेहूं खरीदारी के सिलसिले में आया था। जैसे ही वह सरैया रोड पर पुलिया के पास पहुंचा तभी कार सवार शेखर पांडेय, मनीष सेंगर, अंकित मिश्रा और छोटू ने उसे रोक लिया और उसे पीटना शुरू कर दिया। आरोपितों ने धमकी देते हुए पीड़ित से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। पीड़ित ने थाना पुलिस से लेकर एसपी से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।