औरैया।
जिले में डेंगू व बुखार के मरीजों का आंकड़ा रोजाना बढ़ता जा रहा है। सोमवार को एलाइजा जांच रिपोर्ट में नवादा ज्वाला प्रसाद के चार और मरीज डेंगू संक्रमित मिले। गांव में अभी भी काफी संख्या में लोग बीमार है। कई मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
संचारी रोग अभियान के साथ जागरूकता कार्यक्रम चलाने के बाद भी बीमारी नियंत्रण में नहीं हो सकी। लापरवाही के कारण ही गांव में वायरल बुखार ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। उमस बढ़ने के साथ जहां उल्टी दस्त के मरीज बढ़ने शुरू हुए हैं। वहीं अयाना क्षेत्र के नवादा ज्वाला प्रसाद, फफूंद, अछल्दा क्षेत्र में बुखार के मरीज बढ़े है। सबसे खराब स्थिति नवादा गांव की है। यहां शनिवार को 27 मरीजों को तेज बुखार से पीड़ित होने पर भर्ती कराया गया। सात डेंगू संदिग्ध मिले थे। जिस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 13 लोगों के सैंपल लेकर एलाइजा जांच के लिए भेजा था।
सोमवार को आई रिपोर्ट में चार बुखार पीड़ित डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। इनके घर के अन्य सदस्यों की जांच कराई जा रही है। इसके साथ ही सात बीमार मरीजों को सीएचसी अयाना में भर्ती कराया गया है। सोमवार जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. सरफराज अंसारी, सीएचसी अयाना अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार वर्मा टीम के साथ गांव पहुंचे।
टीम ने गांव में लोगों के घरों में लार्वा की खोज के साथ घर-घर जाकर मरीजों को दवाइयां दी। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि नवादा ज्वाला प्रसाद में अब स्थिति सामान्य हो रही है। बुखार के मरीज ठीक हो रहे हैं। अब अस्पताल में नवादा के सिर्फ 12 मरीज भर्ती हैं। शेष मरीजों को आराम मिलने पर छुट्टी दे दी है।
-
फोटो-8 अछल्दा के वार्ड नंबर पांच में फैली गंदगी। संवाद
फाॅगिंग व सफाई न होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ा
औरैया। जिले में जिम्मेदारों की नींद क्षेत्र में मरीज मिलने के बाद टूटती है। इसके बाद सफाई अभियान से लेकर सभी व्यवस्थाएं पूरी की जाती हैं। नगर पंचायत अछल्दा में सफाई को लेकर कर्मचारियों के गैर जिम्मेदाराना रवैये के चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है। वार्ड नंबर पांच व छह में गंदगी व जलभराव होने से मच्छर व लार्वा बढ़ा है। यहां रहने वालों का आरोप है कि न तो सफाई हुई और न ही फाॅगिंग कराई गई है। अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि कर्मचारियों को निर्देशित किया है, जल्द ही नगर में फॉगिंग कराई जाएगी।
फोटो-7 ऐरवाकटरा सीएचसी के डेंगू वार्ड से गायब मच्छरदानी। संवाद
डेंगू वार्ड में नहीं देखने को मिल रहीं मच्छरदानी
ऐरवाकटरा।
जिले में बढ़े मच्छर के प्रकोप को लेकर स्वास्थ्य विभाग लोगों से पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने व सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करने की अपील कर रहा है लेकिन स्वयं डेंगू वार्ड में मच्छरदानी लगवाना भूल गया। जिले में डेंगू के अब तक 11 मरीज मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर एक-एक डेंगू वार्ड बना दिया गया है, लेकिन व्यवस्थाएं अधूरी हैं। सीएचसी अछल्दा, ऐरवाकटरा, अजीतमल में वार्ड तो बने मिले। मगर इनसे मच्छरदानी नदारद मिली।