औरैया। किसान मशीन में अंगूठा लगाकर दुुकानों से खाद खरीदते हैं, यहां दुकानदार दर्ज सूचना के सापेक्ष ज्यादा बिक्री दर्शाते हुए रजिस्टर दुरुस्त कर लेते हैं। इसका खुलासा कृषि विभाग की क्राॅस चेकिंग में सामने आया है। प्राथमिक जांच के आधार पर पांच दुकानों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही नोटिस जारी किया गया है। उचित जवाब न मिलने की स्थिति में दुकानों को निरस्त भी कर दिया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि भारत सरकार के इंटीग्रेटिड फर्टिलाइजर सिस्टम से प्राप्त टॉप 20 वायर्स यूरिया की सूची प्रात हुई। जिसमें दर्ज किसानों की ओर से क्रय की गई यूरिया की मात्रा व उनके पास उपलब्ध भूमि का सत्यापन कराया गया। बोई गई फसल आवश्यकता के अनुसार यूरिया उर्वरक का प्रयोग किया जाता है। जिसकी जांच वरिष्ठ प्राविधिक सहायक के द्वारा कराई गई। पांच दुकानों में यूरिया वितरण को लेकर अनियमितता पकड़ी गई है।
इसमें दीपक खाद भंडार घसारा, कुशवाहा खाद बीज भंडार मल्हौसी, मां भगवती कृषि सेवा केंद्र चंदरपुर रोड बिधूना, खाटू श्याम खाद भंडार धुपकरी, आईएफएफडीसी कृषक सेवा केंद्र बिधूना, गौरव राजपूत खाद भंडार नौसारा व देवा खाद भंडार बघुआ शामिल हैं। इनके लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगे गए हैं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर दुकान निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।