अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। जिसमें चार लोगों को गंभीर हालत के चलते सैफई रेफर किया गया है।
घायलों में कोतवाली के मुंशी भी शामिल हैं। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि घटनाओं के संबंध में तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। जालौन जनपद के कुठौंद निवासी रामकुमार शनिवार को सलेमपुर कालपी निवासी केदारनाथ के साथ बाइक से अजीतमल रिश्तेदारी में जा रहे थे।
रास्ते में भीखेपुर के समीप पत्थर से टकराकर बाइक बेकाबू होकर गिर गई। इससे सड़क पर गिरकर दोनों लोग घायल हो गए। दोनों को सीएचसी अजीतमल में भर्ती कराया गया। वहां से डॉक्टर ने उन्हें सैफई रेफर किया।
दूसरी घटना में बाइक की टक्कर से कोतवाली के मुंशी प्रेमकुमार घायल हो गए। प्रेमकुमार ने बताया कि वह पत्नी के साथ कोतवाली के बाहर टहल रहे थे। तभी यह घटना घटी। घायल मुंशी को डॉक्टर ने सैफई रेफर किया। तीसरी घटना में एक वाहन की टक्कर से कस्बे के मोहल्ला पटेलनगर निवासी मयंक व उसके साथ मौजूद संजू घायल हो गए। घायलों ने बताया कि एक ही बाइक से दोनों बाजार जा रहे थे।
रास्ते में पीछे से किसी वाहन ने टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उपचार के बाद दोनों को सैफई रेफर किया गया है।