अछल्दा। अछल्दा-महेवा मार्ग पर गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में बाइक सवार पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने दो लोगों को सैफई रेफर कर दिया।
अछल्दा-महेवा मार्ग पर छछूंद गांव के पास अछल्दा व सामने महेवा की तरफ से दो बाइकों पर सवार पांच लोग आ रहे थे। तभी दोनों बाइकों के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिसमें बाइक सवार शिवम पुत्र अशोक कुमार, संजू पुत्र जोधानाथ, सत्यम पुत्र रघुनाथ सिंह निवासी एरवाकटरा व दूसरी बाइक सवार मोहर सिंह पुत्र कांशीराम तथा बीनू पुत्र मोहर सिंह निवासी पुठिया घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने शिवम व बीनू को सैफई रेफर कर दिया। (संवाद)
क्षत्रिय महासभा का विजया दशमी मिलन समारोह 24 को
औरैया। दशहरा पर्व पर क्षत्रिय महासभा के तत्वाधान में 24 अक्तूबर दिन मंगलवार सुबह 11 बजे महाराणा प्रताप भवन जालौन चौराहा में विजया दशमी मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें मुख्य अतिथि सभापति विधान परिषद लखनऊ कुंवर मानवेंद्र सिंह परिहार, विशिष्ट अतिथि पूर्व महानिदेशक उत्तर प्रदेश पुलिस सुलखान सिंह, सदस्य विधान परिषद कुंवर अविनाश सिंह चौहान एवं प्राचार्य लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज झांसी नरेंद्र सिंह सेंगर होंगे। यह जानकारी महासभा की संरक्षक कुंवर रविंद्र सिंह कुशवाह सहित पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपू सिंह, अध्यक्ष शिव पाल सिंह जादौन, महामंत्री मलखान सिंह सेंगर, कोषाध्यक्ष मुकेश सिंह सेंगर ने दी। (संवाद)