औरैया। सदर तहसील में अधिकारियों व राजस्व कर्मचारियों के लिए जल्द ही आवास मुहैया होंगे। शासन से एक साल पहले इसके लिए बजट जारी किया था, जिस पर अब जाकर कवायद शुरू हुई है।
जिले में कई तहसीलों व जिला मुख्यालय में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों के आवास नहीं है। इसके लिए समय समय पर शासन से मांग की जा रही है। इसीक्रम में सदर तहसील में अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए आवास बनाए जाने को एक साल पहले पांच करोड़ चार लाख रुपये का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। कुछ समय बाद ही प्रस्ताव स्वीकृत कर बजट जारी कर दिया गया था।
निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी को कार्यदाई संस्था नामित किया गया था, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद अब आवास निर्माण को अमली जामा पहनाए जाने की दिशा में कवायद शुरू हो गई है।
पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता राजेश अग्निहोत्री ने बताया कि आवास निर्माण के लिए लगभग एक साल पूर्व बजट जारी किया जा चुका है। एई ने बताया कि टाइप वन के 19, टाइप टू के 18, टाइप थ्री का चार व टाइप फोर का एक आवास बनाया जाना है।
अधिकारियों व राजस्व कर्मचारियों के आवासों का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए पुरानी जर्जर हो चुकी इमारत को ध्वस्त कराया जाना है। जिसके लिए टेंडर की प्रक्रिया का काम शुरू कर दिया गया है। जल्द ही ध्वस्तीकरण के टेंडर की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। उसके उपरांत कार्यदाई संस्था की ओर से नये आवासों का निर्माण का काम शुरू होगा।
मनोज कुमार सिंह, एसडीएम, सदर।