औरैया। अब वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र के लिए चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। फिटनेस केंद्र में अत्याधुनिक मशीनों से वाहनों की जांच होगी और प्रमाण पत्र जारी होगा। इससे वाहन स्वामियों को काफी सहूलियत होगी।
सड़कों पर फर्राटा भर रहे वाहनों की जांच और उनके फिटनेस के लिए एआरटीओ विभाग की ओर से एक अधिकारी की तैनाती की गई है। इनके द्वारा प्रदूषण की जांच प्रमाण पत्र, कर चुकता रिपोर्ट, बीमा आदि कागजातों की जांच की जाती है। कई वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र बिना कागजात देखे ही जारी कर दिया जाता है। वहीं कई बार शिकायत भी मिलती रहती है। ऐसे में पारदर्शिता लाने के लिए शासन की ओर से फिटनेस केंद्र स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिससे ऑटोमेटिक मशीनों से जांच करके ही वाहनों को प्रमाण पत्र जारी किया जा सके। सेंटर स्थापित करने के लिए विभाग की ओर से कागजी कार्रवाई पूर्ण करने के साथ आवेदन भी मांगे गए हैं। इस संबंध में एआरटीओ प्रशासन अशोक कुमार ने बताया कि वाहनों की फिटनेस की जांच के लिए सेंटर स्थापित होगा। इसके लिए शासन द्वारा निर्देश जारी कर दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद जांच करके फिटनेस सेंटर स्थापित करवाने की कार्रवाई शुरू होगी।