संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। शासन स्तर से हर घर को कनेक्शन देकर शुद्ध जल मुहैया कराने पर जोर है। प्रदेश स्तर पर जारी हुई जल जीवन सर्वेक्षण रिपोर्ट में औरैया अचीवर श्रेणी में पहले नंबर पर आया है।
जल जीवन मिशन के तहत शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जल कनेक्शन देने की बड़े पैमाने पर शुरुआत की गई। मार्च 2021 से शुरू हुए इस अभियान में जिले को दो लाख 17 हजार सात सौ 28 कनेक्शन देने का लक्ष्य दिया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह व्यवस्था धरातल पर उतारी गई।
मार्च 2021 से अभी तक जिले में एक लाख 63 हजार एक सौ 27 कनेक्शन देने का काम पूरा कर लिया गया। प्रदेश स्तर पर हुई हर घर जल कनेक्शन की समीक्षा में अचीवर श्रेणी में जिला औरैया प्रदेश में पहले नंबर पाया है। मिले लक्ष्य के सापेक्ष 74.92 फीसदी काम पूरा किया किया गया है। 16 अक्तूबर तक की इस रिपोर्ट पर योजना के उच्चाधिकारियों ने जिले की सराहना की है।
अचीवर श्रेणी में औरैया जनपद प्रदेश में पहले स्थान पर आया है। जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल कनेक्शन देने में मिले लक्ष्य के सापेक्ष 74.92 फीसदी कार्य पूरा कर लिया गया है। ज्यादा से ज्यादा कनेक्शन दिए जाए इसे लेकर प्रचार-प्रसार पर जोर दिया जा रहा है। - अरुण कुमार, एक्सईएन, जल निगम
ब्लॉकवार लक्ष्य के सापेक्ष दिए गए कनेक्शन
ब्लॉक लक्ष्य कुल कनेक्शन
अछल्दा 31582 24944
एरवाकटरा 23542 19677
अजीतमल 29457 24547
औरैया 35969 23926
भाग्यनगर 34777 22692
बिधूना 30522 24075
सहार 31879 23266