दिबियापुर। किशोरी के साथ छेड़छाड़ व सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने के मामले के आरोपियों ने 26 जनवरी की शाम खेतों की रखवाली कर रहे पीड़िता के चाचा को घेर लिया। आरोप है कि मामले में समझौता न करने आरोपी ने चाचा पर तमंचे से फायरिंग करने के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने चार नामजदों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
दिबियापुर थाने में क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने तहरीर दी। बताया कि अक्तूबर 2022 में नाबालिग भतीजी से छेड़छाड़ करने, सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने और पिता से मारपीट करने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तबसे आरोपी आए दिन पीड़िता व परिजनों पर समझौता करने के लिए दबाव बना रहे है और समझौता न करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
26 जनवरी की शाम साढ़े सात बजे वह खेत पर फसल की रखवाली कर रहा था। आरोप है कि तभी आरोपी शिवा सिंह, अभिषेक, आलोक उर्फ कुल्लू, हरवंश और देवेंद्र आए और गालीगलौज कर समझौते के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपियों ने तमंचे की बट से मारपीट की।
आरोप लगाया कि शिवा व देवेंद्र ने जान से मारने की नियत से उस पर फायर झोंक दिया पर वह किसी तरह बच गया। फायर की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े तो आरोपी जाम से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।