बिधूना। राज्य स्तरीय बिधूना प्रीमियर लीग में बुधवार को सेमीफाइनल मुकाबले आयोजित हुए। पहला सेमीफाइनल मध्यप्रदेश की गुना और मथुरा की टीमों के बीच खेला गया। इसमें मथुरा की टीम ने नौ विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में मैनपुरी ने फिरोजाबाद पर छह विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। गुरुवार को मैनपुरी और मथुरा के बीच प्रतियोगिता का फाइनल मैच खेला जाएगा।
पहले सेमीफाइनल में गुना की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। गुना टीम के बल्लेबाजों ने शुरुआती दौर में ही मथुरा के गेंदबाज अमित कुमार के आगे घुटने टेक दिए। ओपनिंग करने उतरे बल्लेबाजों को तीसरे ही ओवर में वापस पवेलियन लौटना पड़ा। 16 वें ओवर में टीम 90 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे मथुरा के बल्लेबाज अमन मिश्रा और कुलदीप ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। पांचवें ओवर में गुना के गेंदबाज ने सुनील को 30 रनों के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट कर दिया। वहीं, अमन मिश्रा ने नाबाद रहते हुए 41 गेंदों में 53 रन बनाकर 11.1 ओवर में टीम को जीत दिलाई।
दूसरा सेमीफाइनल फिरोजाबाद और मैनपुरी के बीच में खेला गया। इसमें टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी फिरोजाबाद की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 130 रन बनाए। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरे मैनपुरी के सलामी बल्लेबाज आदर्श सिंह ने 24 गेंदों में 33, विनायक ने 29 गेंदों में 59 रन बनाकर 92 रनों की साझेदारी की। चार विकेट के बाद बल्लेबाजी करने उतरे समन्वय ने सात गेंदों में 15 रन बनाकर 13.4 ओवर में टीम को जीत दिलाई।
वहीं, फिरोजाबाद के बल्लेबाज तेजेंद्र और शोएब के दो-दो विकेट के अलावा अन्य कोई भी गेंदबाज विकेट लेने में सफल नहीं रहा। जीत के साथ ही मैनपुरी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनी। जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे ने बताया कि गुरुवार सुबह 10 बजे प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आयोजित होगा।