दिबियापुर। थाने के पास परचून की दुकान पर एक होमगार्ड व दुकानदार के बीच मारपीट हो गई। दुकानदार ने दुकान के अंदर घुसकर मारपीट करने एवं सामान फेंकने का आरोप लगाया है। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। घटना के दो अलग-अलग वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
गुरुवार देर रात लगभग नौ बजे थाने के पास स्थित परचून की दुकान पर दुकानदार अनिल का रुपये के लेनदेन को लेकर एक होमगार्ड से विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर दोनों में मारपीट हो गई। दुकानदार ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि होमगार्ड ने दुकान के अंदर घुसकर मारपीट की। जानकारी मिलने पर खासी संख्या में स्थानीय व्यापारी व व्यापार मंडल के पदाधिकारी थाने में इकट्ठा हो गए। मारपीट का और दुकान में फैले सामान का अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती। इस संबंध में सीओ प्रदीप कुमार का कहना है कि दिबियापुर निवासी होमगार्ड राकेश कुमार कानपुर में तैनात है। घटना प्रकाश में आने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। बाद में दोनों पक्षों में आपसी समझौता कर लिया।