औरैया। आबकारी पुलिस अवैध तरीके से शराब तस्करी व बिक्री को लेकर जनपद में अलर्ट मोड पर है। शनिवार को इस कड़ी में हाईवे पर वाहनों की चेकिंग सुबह से लेकर देर शाम तक जारी रही। इटावा छोर से आने वाले वाहनों की गहनता से जांच की गई।
आबकारी निरीक्षक विनोद कुमार अपनी टीम के साथ शनिवार सुबह से ही हाइवे पर मौजूद रहे। अनंतराम टोल प्लाजा से लेकर औरैया तक जगह-जगह वाहनों को रोककर जांचा गया। अवैध शराब तस्करी की आशंका को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर निगाह टिकाई गई। खास तौर पर दिल्ली, पंजाब व हरियाणा से आने वाले वाहनों पर नजर रही, जिन्हें जांचने के बाद ही आगे जाने दिया गया। जिला आबकारी अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि हाईवे पर शराब तस्करी को देखते हुए लगातार वाहनों की चेकिंग कराई जा रही है। ठेकों को भी जांचा जा रहा है। किसी तरह की अनियमितता न हो इसे लेकर सजग किया गया है।
चरस के साथ युवक को पकड़ा
बिधूना (औरैया)। कोतवाली के उप निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर एक युवक को साहसपुर मोड़ से गिरफ्तार किया। उसके पास से 250 ग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम नेपाल निवासी विधाई पुरवा थाना तिर्वा जनपद कन्नौज बताया। कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ पहले से चार मामले पंजीकृत है। संवाद