कंचौसी। असेनी पावर हाउस की मेनलाइन में बुधवार रात नौ बजे फाल्ट हो गया। इससे नौगवां फीडर से जुड़े 15 गांव की बिजली गुल हो गई। 18 घंटे बाद गुरुवार दोपहर तीन बजे फाल्ट ठीक होने के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
नौगवां फीडर में असेनी पावर हाउस से आपूर्ति की जाती है। इससे नोगवा, अमरपुर, विजई पुरवा, सुंदरपुर, रंजीतपुर, पुरवा महिपाल, बट्टहा, कनमऊ, हरतौली, कंचौसी बाज़ार, सहित करीब 15 गांवों जुड़े हैं। बुधवार रात नौ बजे के करीब अचानक से मेनलाइन में असेनी के पास फाल्ट हो गया। इससे नौगवां फीडर की आपूर्ति बंद कर दी गई।
विज्ञापन
रात भर लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे। सुबह लोगों को फाल्ट होने की जानकारी मिली। सूचना पर बिजली कर्मचारी भी फाल्ट ठीक करने में जुट गए। दोपहर तीन बजे फाल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल की जा सकी। असेनी एसडीओ अनुराग पांडेय ने बताया कि पॉवर हाउस के समीप मेन लाइन में फाल्ट होने के कारण समस्या रही। फाल्ट को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
दो घंटे गुल रही अजीतमल उपकेंद्र की बिजली अजीतमल। असेनी से अजीतमल उपकेंद्र के लिए आई लाइन में सुबह आठ बजे के करीब फाल्ट हो गया। इससे अजीतमल कस्बे समेत बाबरपुर- अनंतराम, भीखेपुर, अमावता, फूटेकुआ समेत करीब 30 गांव की आपूर्ति बंद हो गई। आपूर्ति बंद होने की जानकारी लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को दी। लाइनमैन पेट्रोलिंग कर फाल्ट ढूंढने में जुट गए। इधर गर्मी में समस्या बढ़ती देख दो घंटे बाद अजीतमल उपकेंद्र को अटसू केंद्र से जोड़ कर आपूर्ति चालू की गई। जेई धीरेंद्र कुमार ने बताया कि फाल्ट ढूंढा जा रहा। फाल्ट मिलने के बाद ठीक कर अटसू से जोड़ी गई लाइन अलग कर दी जाएगी।