औरैया। पिछले दो दिनों से लगातार निकल रही धूप से आम जनमानस के साथ किसानों ने राहत की सांस ली है। किसानों का कहना है कि धूप निकलने से गेहूं, आलू, सरसों व सब्जी की फसलों को फायदा होगा। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में आसमान साफ रहेगा।
करीब एक माह तक भीषण सर्दी, कोहरे व धूप न निकलने से किसान परेशान हो गए थे। सरसों, आलू में रोग लगने शुरू हो गए थे। पिछले दो दिनों से लगातार धूप निकलने के बाद मंगलवार को आसमान में धूप निकलने से किसान के चेहरों पर रौनक दिखी। किसान कवींद्र सिंह का कहना है कि धूप निकलने गेहूं, सरसों, आलू, मटर, चना व सब्जी की फसलों को फायदा होगा।
सुबह-शाम पड़ रहे कोहरे से भी असर पड़ने की संभावना नहीं है, क्योंकि दिन में धूप निकलने से फसलों में नुकसान की संभावना ना के बराबर हो गई है। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ.अनंत कुमार ने बताया कि आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा। सुबह व शाम पड़ने वाले कोहरे से फसलों को अब नुकसान की संभावना नहीं है, क्योंकि दिन में धूप निकलने से उसका असर नहीं पड़ेगा।