रुरुगंज (औरैया)। कुदरकोट थाना क्षेत्र के बरुआ गांव के पास सोमवार सुबह 11 बजे खेत किनारे बनी पगडंडी पर एक वृद्ध किसान का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चित्रकूट-इटावा बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किनारे कुदरकोट थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव दोना की मड़ैया व बरुआ के बीच में खेत किनारे पगडंडी पर यह शव पड़ा हुआ देखा गया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी बिधूना भरत पासवान ने मामले की जांच करते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाते हुए साक्ष्य जुटाए।
शव मिलने की जानकारी होने पर पहुंची भीड़ में इंदल सिंह जाटव ने शव की पहचान अपने सगे भाई 71 वर्षीय गोपीचंद जाटव निवासी ककराही थाना भरथना जनपद इटावा के रूप में की। पुलिस ने शव का पंचनामा पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस दौरान परिजन किसी अनहोनी की आशंका जाहिर करते रहे।
परिजनों ने बताया कि गोपीचंद की तीन बीघा जमीन बैवाह ग्राम पंचायत में थी। जिसकी देखभाल के लिए वह अक्सर आया जाया करता था। सीओ भरत पासवान ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।