दिबियापुर।
औरैया-दिबियापुर मार्ग पर सेहुद मंदिर के पास भेड़ चरा रहे बुजुर्ग किसान को अनियंत्रित ऑटो ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की मौत हो गई।
गुरुवार की दोपहर में सेहुद निवासी कल्लू कठेरिया (70) पुत्र वंशलाल गांव के सुनील के साथ औरैया-दिबियापुर मार्ग पर सड़क किनारे भेड़ चरा रहे थे। सेहुद मंदिर और पीबीआरपी स्कूल के पास एक अनियंत्रित ऑटो ने कल्लू को टक्कर मार दी। सुनील ने ऑटो को रोकने का प्रयास किया लेकिन चालक ऑटो लेकर भाग गया।
एनटीपीसी कैनाल रोड पर ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस बीच ग्रामीण, घायल कल्लू को दिबियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए। यहां चिकित्सकों ने कल्लू को मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर दिबियापुर सीएचसी पहुंचे मृतक के भाई छोटेलाल एवं भतीजे आकाश ने बताया कि मृतक कल्लू अविवाहित थे। वह खेती किसानी करते थे और भेड़ बकरियां पालते थे।
दिबियापुर थाना प्रभारी निरीक्षक रामसहाय पटेल एवं एनटीपीसी चौकी इंचार्ज पूजा सोलंकी ने परिजनों ने घटना के बारे में जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक रामसहाय पटेल ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।