अयाना। थाना क्षेत्र के अयाना में शनिवार शाम को तेज बारिश के दौरान गिरी बिजली से किसान बुरी तरह झुलस गया। चार बकरियों की भी मौत हो गई।
कस्बा अयाना निवासी सुभाष चंद्र (45) पुत्र स्व. मोतीलाल किसानी व बकरी पालन करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था। शनिवार शाम को वह खेतों पर अपनी पांच बकरियां चराने के लिए लेकर गया था।
इसी दौरान शुरू हुई झमाझम बारिश में खुद को भींगने से बचाने के लिए किसान बकरियों के साथ पास स्थित नीम के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी बिजली की चपेट में आने से किसान बुरी तरह झुलस गया, इस दौरान चपेट में आईं चार बकरियों की मौत हो गई।
देर रात बारिश बंद होने के बाद एक बकरी जब बिना किसान के घर पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। इस पर उन्होंने मोहल्ले वासियों की मदद से उसकी रात में ही खोजबीन शुरू की। कई घंटे खोजने के बाद परिजनों को किसान गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर पंचम के खेत में खड़े नीम के पेड़ के नीचे बेहोशी की हालत में झुलसा पड़ा मिला।
परिजनों ने एंबुलेंस के लिए कई बार फोन किया कॉल न लगने पर परिजन निजी वाहन से घायल को रात में ही 100 शैया युक्त जिला अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया।
मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी रीता, बेटे अंकुश व बेटी पिंकी का रो रो कर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने बताया कि बिजली गिरने से किसान की मौत की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।