औरैया। नेशनल हाईवे ऑथिरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) की ओर से टोल टैक्स में बढ़ोतरी की गई। माल वाहकों पर जहां भाड़ा की बढ़ोतरी हो चुकी है। रोडवेज बस के किराए में बढ़ोतरी होने की दिशा में काम शुरू हो गया है। इसको लेकर लखनऊ स्तर से मशीनों को अपग्रेड किए जा रहा है।
लोक सभा चुनाव संपन्न होने के बाद एनएचएआई ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित टोल टैक्स में तीन जून की रात 12 बजे से बढ़ोतरी की थी। इसका बोझ प्राइवेट वाहन चालकों पर होने लगा है। तो वहीं अब रोडवेज की बसों में सफर करने वाले यात्रियों पर इसका असर जल्द दिखने वाला है। सूत्रों की माने तो रोडवेज डिपो की बसों में वर्तमान में लगने वाले किराये में दो से पांच रुपये की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
इस बढ़ोतरी को संबंधित रूट पर पड़ने वाले टोल के अनुसार ही बढ़ सकता है। औरैया डिपो से 77 बसें विभिन्न रूटों पर संचालित होती हैं। इनमें अधिकांश बसें दिल्ली व आगरा मार्ग पर संचालित होती हैं। डिपो अधिकारियों की मानें तो इस मार्ग पर सवारियां अधिक मिलती हैं। ऐसे में इस मार्ग पर टोल टैक्सों की संख्या अधिक होने के चलते इस मार्ग पर चलने वाले यात्रियों पर अधिक बोझ पड़ेगा। सूत्रों के अनुसार इसके लिए लखनऊ स्तर से टिकट की मशीनों को अपग्रेड करने की कवायद चल रही है।
-
टोल टैक्स बढ़ने पर अक्सर किराए में लखनऊ स्तर से बढ़ोतरी की जाती है। अभी तक डिपो की बसों में किराए में बढ़ोतरी नहीं देखने को मिली है। हालांकि टोल बढ़ा है तो कहीं न कहीं इसका असर रोडवेज के किराए पर भी पड़ सकता है।
- अपर्णा मीनाक्षी, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक
गाजी मियां दरगाह पर मांगी मन्नतें
- सोशल वेलफेयर कमेटी ने आयोजकों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
फफूंद। क्षेत्र के फफूंद मुरादगंज मार्ग पर गाजी मियां की दरगाह पर एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया लोगों ने दरगाह पर फातिहा पढ़ी और मन्नतें मांगी। इसके बाद लोगों ने मेले का लुत्फ उठाया।
रविवार को कस्बे के मुरादगंज रोड पर स्थित गाजी मियां की दरगाह पर एक दिवसीय वार्षिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कस्बा के अलावा आसपास के गांव से आए तमाम श्रद्धालुओं ने दरगाह में फातिहा पढ़कर मन्नतें मानी। वहीं तमाम लोगों ने चादर भी चढ़ाईं। मेले का भी लुत्फ उठाते हुए खाने पीने की चीजों की दुकानों पर जमकर खरीदारी की।
गर्मी धूप की परवाह न करते हुए लोगों का कारवां देर शाम तक मेले में पहुंचता रहा। प्रदेश की सामाजिक संस्था सोशल वेलफेयर कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष आसिफ सिद्दीकी, उपाध्यक्ष अफजल खान और अन्य पदाधिकारियों ने दरगाह पर पहुंचकर फातिहा पढ़ी। दरगाह की देखरेख कर रहे कार्यक्रम आयोजक लईक अहमद खान को फूल माला पहनाकर सम्मानित किया। संस्था के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गाजी मियां दरगाह से हर धर्म के लोगों की श्रद्धा जुड़ी है।
ऐसे आयोजन से लोगो में एक दूसरे के प्रति आपसी प्रेम भाई चारा और सौहार्द कायम रहता है। इसलिए हमें एक दूसरे के आयोजनों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेना चाहिए। सपा नगर अध्यक्ष मुन्ना सिद्दीकी, समाजसेवी सुशील अग्निहोत्री, मोहमद शारिक खान, राम किशोर कठेरिया, अखिलेश पाल, हाफिज अब्दुल हक आदि लोग मौजूद रहे।
23 तक छुट्टी पर रेडियोलॉजिस्ट, अल्ट्रासाउंड कक्ष पर लगा ताला
- गर्भवती महिलाओं से लेकर मरीजों के रोजाना होते हैं लगभग 25 अल्ट्रासाउंड
- अब जांच बंद हो जाने की वजह से लोगों को जाना पड़ रहा है चिचौली मेडिकल कॉलेज
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। शहर स्थित 50 शैया जिला अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट सात जुलाई को 16 दिन की छुट्टी पर चले गए। 23 जून तक के लिए अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला जड़ दिया गया है। ऐसे में जांच के लिए गर्भवती व अन्य मरीजों को चिचौली मेडिकल कॉलेज जाना पड़ रहा है।
शहर स्थित 50 शैया जिला अस्पताल में सामान्य दिनों में रोजाना 25 अल्ट्रासाउंड होते हैं। इनमें से ज्यादातर गर्भवती होतीं हैं। अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट भूपेंद कुमार सात जुलाई को अवकाश लेकर छुट्टी पर चले गए वह 23 जून तक वह अवकाश पर रहेंगें। इस सब के बीच अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला जड़ गया है। 16 दिन तक अल्ट्रासाउंड की जांच जिला अस्पताल में बंद रहेगी।
वहीं इस जांच के लिए लोगों को चिचौली मेडिकल कॉलेज का रुख करना पड़ रहा है। भले ही जिला अस्पताल में परामर्श लें, लेकिन जांच के लिए चिचौली जाना पड़ रहा है। सबसे अहम बात गर्भवती महिलाओं को लेकर हैं। जिन्हें यह समस्या उठानी पड़ रही है। अस्पताल में एक मात्र ट्रेनी रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती होने के चलते यह समस्या बनी है। दूर-दराज से आने वाले लोगों को 23 के बाद अल्ट्रासाउंड की जांच कराने की सलाह दी जा रही है।
सौ शैया अस्पतालों में सिर्फ तीन दिन मिलती है सुविधा
बता दें कि जिले के मेडिकल कॉलेज स्थित सौ शैया युक्त जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा तीन दिन सोमवार, बुधवार व शुक्रवार मिलती है। वहीं औरैया स्थित 50 शैया युक्त जिला अस्पताल में उक्त दिनों के अलावा प्रत्येक माह की एक, नौ, 16 व 24 तारीख को अल्ट्रासाउंड की अतिरिक्त सुविधा मुहैया कराई जाती है। ऐसे में शहर के अस्पताल में अल्ट्रा साउंड की फिलहाल सेवा बंद होने के चलते मरीजों को प्राइवेट दुकानों पर पहुंचकर 800 से लेकर 1100 रुपये तक ढीले करने पड़ रहे हैं।
बोले जिम्मेदार-
अल्ट्रासाउंड कक्ष में तैनात ट्रेनी रेडियोलॉजिस्ट 23 जून तक अवकाश पर रहेंगे। ऐसे में अल्ट्रासाउंड बंद रहेंगे। यदि कोई अन्य रेडियोलॉजिस्ट होता तो फिलहाल जांच की सुविधा बंद नहीं होती। मजबूरी है।
- डॉ. मंजू सचान, प्रभारी सीएमएस 50 शैया जिला अस्पताल