अछल्दा। कस्बा में स्थित एक मेडिकल स्टोर में औषधि निरीक्षक ने टीम के साथ छापा मारा। टीम को मेडिकल स्टोर में एक्सपायरी और नशीली दवाएं मिलीं। वहीं, मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस के चलता मिला है। जिसे सील कर कार्रवाई की गई है।
अछल्दा कस्बा में काफी दिनों से बिना लाइसेेंस के कई मेडिकल स्टोर संचालित हो रहे हैं। इन मेडिकल स्टोरों में अवैध रूप से कारोबार किया जा रहा था। इसकी सूचना पर गुरुवार को औषधि निरीक्षक ज्योतसना आनंद अछल्दा थाना के पास स्थित सराय बाजार में अनुज मेडिकल स्टोर में टीम के साथ पहुंची।
संचालक मेडिकल स्टोर का लाइसेंस नहीं दिखा सका। क्रय-विक्रय बिल भी औषधि निरीक्षक को नहीं मिले। टीम ने मेडिकल स्टोर में जांच तो समय अवधि समाप्त हो चुकी कई अंग्रेजी दवाएं मिलीं। मेडिकल स्टोर में नशीली दवाएं भी प्राप्त हुईं। टीम ने दवाओं के नमूने लेकर उन्हें सीज किया। फफूंद के साईं मेडिकल स्टोर पर छापा मारा गया। फार्मासिस्ट नहीं मिला है। संचालक को एक सप्ताह का समय दिया गया है।
वहीं, कार्रवाई की जानकारी पर कस्बे में मौजूद अन्य मेडिकल स्टोर संचालक अपनी दुकानें बंदकर भाग निकले। औषधि निरीक्षक ज्योतसना आनंद ने बताया कि मेडिकल स्टोर में एक्सपायरी और नशीली दवाएं मिली हैं, जिन्हे सीज कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।