संवाद न्यूज एजेंसी
फफूंद। कस्बे की सड़कों और मुख्य बाजार में फैले अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर पंचायत ने अभियान चलाया। इस दौरान अतिक्रमणकारी अपनी मेज, स्टूल और तख्त लेकर भागते नजर आए। वहीं जिन लोगों ने कब्जा नहीं हटाया उनकी बेंच और स्टूल को नगर पंचायत कर्मी ट्रेक्टर ट्राली में लाद ले गए। सड़क खुल जाने से राहगीरों ने राहत की सांस ली है।
नगर पंचायत प्रशासन की लापरवाही से कस्बे के मुख्य बाजार चमनगंज, होमगंज, सब्जी मंडी, टाकीज रोड, दिबियापुर रोड, अछल्दा चौराह पर फल सब्जी के अलावा गिट्टी, मौरम की दुकानें किए दुकानदारों ने सड़कों पर अपना सामान फैला रखा है। सबसे खराब स्थिति तिराहा चमनगंज से मुख्य बाजार फाटक होते हुए सब्जी मंडी थाना रोड की थी। जहां किराना दुकानदार, गारमेंट्स, मिठाई, जनरल स्टोर की दुकान किए लोगों ने मेज, स्टूल डालकर आधी सड़क घेर रखी थी। गुरुवार सुबह नगर पंचायत ने मुनादी कराकर दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने को कहा, लेकिन जब अतिक्रमण नहीं हटा तो अधिशासी अधिकारी डॉ. विनय शुक्ला ने पुलिस फोर्स और नगर पंचायत कर्मियों के साथ मुख्य बाजार, तिराहा, सब्जी मंडी में जाकर अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान जिन दुकानों के सामने अतिक्रमण पाया गया। उसका सामान ट्रेक्टर ट्राली पर लादकर नगर पंचायत कर्मी ले गए। अभियान चलने से कस्बे की सड़कें खुल गईं। जिससे राहगीरों ने राहत की सांस ली। अधिशासी अधिकारी ने बताया की जिन दुकानदारों का अतिक्रमण किया सामान जब्त किया गया है। उन पर जुर्माना वसूला जाएगा। साथ ही अभियान को लगातार चलाया जाएगा।