औरैया। आंधी-तूफान के साथ शनिवार दोपहर हुई बारिश से जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर विद्युत पोल व तारों के टूटने से बिजली का संकट आ गया। यहां तक कि बिजली आपूर्ति बहाल न हो पाने की वजह से रविवार को पेयजल की सप्लाई भी ठप हो गई। किसी तरह रात काटने के बाद लोगों को सुबह पानी के लिए भटकना पड़ा। आंधी-पानी की वजह से क्षतिग्रस्त हुई बिजली लाइनों को ठीक करने में शनिवार दोपहर बाद से जुटे कर्मी रविवार को भी मशक्कत करते नजर आए, लेकिन मरम्मत का कार्य पूरा नहीं हो सका। बिधूना, ऐरवाकटरा व ककोर क्षेत्र में हुए फाल्ट ठीक कर लिए गए। वहीं, फफूंद क्षेत्र में टूटे बिजली के पोल व तारों को ठीक करने का काम रविवार देर शाम तक जारी रहा।रविवार को भी केशमपुर से जुड़े 150 गांवों में अंधेरा छाया रहा। वजह असेनी से केशमपुर सब स्टेशन को आई मेनलाइन के दो विद्युत पोल परवाह गांव के समीप टूट गए। इससे क्षेत्र के पाता, देवरपुर, टीकमपुर, जुआ, केशमपुर व फफूंद फीडर की बिजली सप्लाई ठप हो गई।
रविवार सुबह के करीब अटसू से आई बिजली लाइन के जरिए किसी तरह बिजली को सुचारू किया जा सका। दूसरी ओर से स्टोर से पोल मंगवाते हुए क्षतिग्रस्त लाइन को ठीक करने का काम जारी रहा। देर रात यह काम पूरा नहीं किया जा सका। अस्थायी व्यवस्था के जरिए किसी तरह रुक-रुककर सप्लाई दी गई। कखावतू फीडर से ककोर मुख्यालय की ओर जाने वाले मेनलाइन पर भी शनिवार को चली आंधी के दौरान पेड़ गिरा था। क्षतिग्रस्त लाइन को रविवार दोपहर तीन बजे तक ठीक किया जा सका। जगह-जगह फाल्ट के चलते जनपद भर में बिजली सप्लाई को सुचारू नहीं किया जा सका।
आठ मोहल्लों में नहीं पहुंची पेयजल की आपूर्ति
आवास विकास, गुरुहाई, ठठराई, बहनटोला, ओमनगर, सत्तेश्वर, ब्रह्मनगर, बनारसीदास आदि मोहल्लों में रविवार को पानी की सप्लाई नहीं पहुंची। वजह बिजली न आने की वजह से पंप नहीं चल सके। ऐसे में इन मोहल्लों की 40 हजार से ज्यादा की आबादी को पानी का संकट झेलना पड़ा।
पुर्वा खुते गांव समेत मुख्य लाइन में हुआ फाल्ट
सहार क्षेत्र में शनिवार को आई आंधी व पानी ने पुर्वा खुते गांव समेत मुख्य लाइन की बिजली व्यवस्था चौपट करके रख दी है। जानकारी के बाद बिजली कर्मचारियों की टीम पूरी रात फाल्ट तलाशती रही लेकिन अंधेरा होने के कारण फाल्ट नहीं खोज सकी। जिस पर दूसरे दिन रविवार को टीम पूरी मेहनत से फाल्ट खोजने के बाद उसको दुरुस्त करने में जुटी रही। इस दौरान एक जगह पर इंसुलेटर फटा मिला, उसको बदलवा दिया गया। वहीं, पोल उखड़ गया था, हाइड्रा की मदद से वहां दूसरा पोल लगवा दिया गया है। इस संबंध में जेई नरेंद्र कुमार ने बताया कि दोपहर 12 बजे आपूर्ति बहाल करा दी गई।