औरैया। अछल्दा कस्बे के सराय बाजार में हरी मेडिकल स्टोर के पास रविवार की सुबह तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने बिधूना-अछल्दा रोड पर सड़क किनारे लगे एक बिजली के खंभे में तेजी से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का पोल टूटकर उसी डंपर पर जा गिरा। गनीमत यह रही कि पोल गिरने के दौरान बिजली आपूर्ति बंद थी। जिससे कोई बड़ा हादसा होने से बच गया। लगभग सात घंटे तक 50 घरों की बिजली आपूर्ति ठप रही।
रविवार सुबह लगभग 10 बजे रेलवे फाटक की तरफ से एक खाली डंपर सराय बाजार की तरफ तेजी से आ रहा था। जैसे ही डंपर हरी मेडिकल स्टोर के पास पहुंचने ही वाला था। कि तभी तेज गति में होने के कारण वह अनियंत्रित होकर हरी मेडिकल स्टोर के पास सड़क किनारे लगे बिजली पोल से जा टकराया। टक्कर से पोल उखड़कर उसी डंपर पर जा गिरा। घटना के दौरान आपूर्ति बंद होने के कारण बड़ी घटना होने से बच गई। वहीं टक्कर के बाद चालक डंपर को भगा ले गया।
पोल टूटने की जानकारी हाेते ही बिजली कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची। जहां उन्होंने पोल की मरम्मत कर टूटे तारों को फिर से जोड़ा। इस पूरी प्रक्रिया के चलते लगभग सात घंटे तक 50 घरों की बिजली आपूर्ति ठप रही। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौहान ने बताया कि उन्हें बिजली विभाग से इस संबंध में कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। शिकायती पत्र मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जेई नरेश गौतम ने बताया कि बिजली बाधित की सूचना पर लाइन मेन को भेजकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।