बिधूना। जिले में विभिन्न स्कूलों में मानकों कोआधता बताकर बच्चों को लाने-ले जाने के लिए संचालित हो रहे वाहनों पर एआरटीओ प्रवर्तन ने सख्त कार्रवाई की। इसमें पांच स्कूली कार समेत आठ वाहनों को सीज किया। साथ ही आठ वाहनों के चालान किए गए। इससे दिन भर संचालकों में खलबली मची रही।
गुरुवार को एआरटीओ प्रवर्तन रेहाना बानो ने बिधूना क्षेत्र में नियमों को धता बताकर सड़कों पर फर्राटा भरने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। बताया कि बिना मानक के संचालित हो रही पांच कार के अलावा, तीन ओवरलोड ट्रैक्टर को सीज करने की कार्रवाई की।
इसके अलावा आठ अन्य वाहनों के चालान काटे। बताया कि स्कूल के वाहनों को बिना मानकों के सड़क पर नहीं चलने दिया जाएगा। वाहन स्वामी अपने वाहनों के मानक पूरे करा लें। स्कूली वाहन बिना मानक के चलते मिले तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया कि चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा।