औरैया। पुत्री की शादी के लिए सामान लेने आए एक अधेड़ की जेब से ई-रिक्शा में बैठे उचक्कों ने जेब काटकर एक लाख रुपये पार कर दिए। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अयाना थाना क्षेत्र के पुर्वा अंतौल निवासी राजकुमार पुत्र जगन्नाथ ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र दिया। जिसमें बताया कि उसकी पुत्री की तीन मई को शादी है। उसकी शादी का सामान खरीदने के लिए वह शुक्रवार की दोपहर लगभग एक बजे घर से एक लाख रुपये लेकर औरैया आए थे। जहां ऑटो से वह जालौन चौराहे पर उतरे और फिर बाजार जाने के लिए ई-रिक्शा में बैठ गए।
बताया कि ई-रिक्शा में दो अज्ञात व्यक्ति पहले से ही बैठे थे। पीड़ित ने बताया कि ई-रिक्शा में बैठने के दौरान उनकी जेब में रुपये सुरक्षित थे। जब वह फूलगंज बाजार स्थित फूलमती मंदिर के पास ई-रिक्शा से उतरकर थोड़ी ही दूर चले। तभी उनका हाथ अपनी जेब में रखे रुपयों पर गया। तो वह भौचक्के रह गए। जेब ऊपर से कटी हुई थी और रुपये गायब थे। इस पर जब वह पलट कर ई-रिक्शा की तरफ गया तो ई-रिक्शा के साथ ही उस पर सवार दो अज्ञात व्यक्ति भी नदारत थे।
घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।