संवाद न्यूज एजेंसी
फफूंद। क्षेत्र के पाता प्लांट से प्लास्टिक दाना लादकर जा रहे एक ट्राॅले में तेज गति से आए डंपर ने टक्कर मार दी। इससे ट्रक सड़क किनारे नाले में जा गिरा। पार्किंग में मौजूद अन्य चालकों ने केबिन का शीशा तोड़कर उसमें फंसे चालक को बाहर निकाला।
घायल चालक को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। ट्रक को निकालने के लिए आई पोकलैंड और हाइड्रा की वजह से तीन घंटे तक सड़क बंद रही। इससे राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। गुरुवार की देर रात कोलकाता रोड लाइंस का ट्रक पाता पेट्रो केमिकल प्लांट से प्लास्टिक दाना लादकर पूना के लिए रवाना हुआ।
जैसे ही वह एलपीजी पार्किंग के पास पहुंचा ही था कि तभी पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक नाले में जाकर पलट गया। जोरदार आवाज सुनकर पार्किंग में सो रहे चालकों की आंख खुली और वह घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। आनन-फानन में केबिन का शीशा तोड़कर चालक राजा भैया को बाहर निकाला।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल भेजा। शुक्रवार को ट्रक निकालने के लिए आई मशीनरी की वजह से लगभग चार घंटे तक सड़क बंद रही। राहगीरों को काफी चक्कर काटकर अपने गंतव्य तक जाना पड़ा।