संवाद न्यूज़ एजेंसी
बेला (औरैया)। कानपुर-बेला मार्ग पर याकूबपुर के पास तेज रफ्तार डंपर ने सामने से बाइक सवार किसान को टक्कर मारने के बाद कुचल दिया। मृतक बेटी के साथ कानपुर देहात रिश्तेदारी से घर लौट रहा था। हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर दो घंटे जाम लगाए रखा। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों के समझाने के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने डंपर कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू की है।
बेला थाना क्षेत्र के हृदयपूर्वा निवासी रामशरन (48) पुत्र बालकराम शुक्रवार को कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र के बनीपारा अपनी रिश्तेदारी में आयोजित छठी कार्यक्रम में बेटी रूपांशी उर्फ स्वाति (14) के साथ बाइक से गया था। शनिवार दोपहर डेढ़ बजे के करीब जैसे ही वह याकूबपुर सब्जी बाजार के पास पहुंचा तभी सामने से आ रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बेटी उछल कर दूर जा गिरी, जबकि रामशरन डंपर के पिछले पहिए के नीचे आ गया। कुचलने से उसकी मौके पर मौत हो गई।
घटना को देख ग्रामीण दौड़े तब तक चालक डंपर खड़ाकर भाग निकला। घटना से आक्रोशित परिजनों व स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रख जाम लगा दिया। परिजन पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गए। मामला बढ़ता देख सीओ बिधूना अशोक कुमार सिंह, थानाध्यक्ष बेला सुधीर कुमार, बिधूना कोतवाल ललित कुमार, सहार थानाध्यक्ष कालीचरन पुलिस बल के साथ पहुंचे।
पुलिस के समझाने पर भी परिजन नहीं माने। इसके बाद नायब तहसीलदार पीयूष साहू मौके पर पहुंचे। परिजनों को ढांढस बंधाने के साथ मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद पुलिस ने जाम में फंसे वाहनों को बारी बारी से हटवा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ ने बताया कि मृतक की पत्नी सोनामुखी की तहरीर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। डंपर पुलिस के कब्जे में है।
दो घंटे जाम से परेशान रहे राहगीर
हादसे के बाद कुछ लोगों ने भाग रहे डंपर चालक को पकड़ लिया था। इसके बाद पिटाई की और उसे छोड़ दिया। इस बात की चर्चा से परिजन आक्रोशित हुए। परिजनों ने शव रख करीब साढ़े तीन बजे तक शव नहीं उठने दिया। इस दौरान जाम कई वाहन फंसे रहे। बेल की ओर से आ रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंसी। मगर कुछ देर बाद लोगों ने उसे निकाल दिया।
-
पत्नी व बेटी का रहा बुरा हाल
पति की मौत के बाद पत्नी सोनामुखी व बेटी रूपांशी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतक के भाई सतीराम, जसवंत ने बताया कि रामशरण के बेटे रमन उर्फ रवि की शादी तय हो गई है। बनीपारा में जिस रिश्तेदार के घर शादी होनी है, वहीं पर छठी कार्यक्रम था, इसी में शामिल होने के लिए रामशरण गया था।