औरैया। नलकूप किसानों उपभोक्ताओं के लिए प्रदेश सरकार द्वारा निशुल्क बिजली योजना संचालित की जा रही है। जिसमें कई बाधाओं के कारण किसान इसका लाभ नहीं ले पा रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या इन उपभोक्ताओं के सामने बड़ी बकायेदारी को लेकर देखने को मिल रही है। यही कारण है कि जनपद में किसान उपभोक्ता इस योजना को लेकर रुचि नहीं ले रहे हैं। बिना बकाया भुगतान के इस योजना का लाभ लेना संभव नहीं है।
बिजली विभाग के अनुसार जनपद में नलकूप किसानों की संख्या चार हजार के करीब है। जिनमें 2440 किसानों पर विभाग का आठ करोड़ 45 लाख 37 हजार से अधिक का बकाया है। इन किसानों से बकायेदारी की वसूली के साथ-साथ प्रदेश सरकार ने उनके लिए मुफ्त बिजली योजना का शुभारंभ किया है। जिसके पंजीकरण के लिए अंतिम तिथि 31 जुलाई तय की गई थी। लेकिन किसानों द्वारा योजना के प्रति अधिक रुचि नहीं लेने पर एक बार फिर विभाग ने पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 अगस्त कर दी है।
योजना का लाभ लेने के लिए नलकूप किसानों को पिछला बकाया पूरा जमा करना होगा। इस पर भी संपूर्ण ब्याज माफ किया जा रहा है। जिसके बाद वह मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठा सकेंगे। अभी तक इस योजना का लाभ लेने के लिए 783 किसानों ने ही पंजीकरण कराया है। जिन्होंने एक करोड़ 44 लाख रुपये जमा किया है। नलकूप किसानों की मानें तो किसानों के लिए चलाई गई योजना उनसे वसूली के लिए शुरू की गई है।
छोटे बकाएदार तो भुगतान कर रहे है। लेकिन बड़े बकायेदारों को दिक्कतें आ रहीं हैं। अधिकारी लंबित समस्याओं को निराकरण नहीं कर रहे हैं। जिस कारण नलकूप किसानों का बिल पहले से ही अधिक चल रहा है। वह इस योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। जिनकी संख्या अधिक है। योजना के तहत 10 हार्स पावर तक की क्षमता वाले निजी नलकूप किसान पिछला बकाया भुगतान कर एक अप्रैल 2023 से इस योजना का लाभ ले सकते हैं।
बकायेदार सभी नलकूप किसानों को मुफ्त बिजली योजना के संबंध में जानकारी दे दी गई है। विभाग की ओर से योजना के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 अगस्त की गई। योजना का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। अंतिम तिथि तक जो बकाएदार नलकूप किसान भुगतान नहीं करते है। विभागीय उच्चाधिकारियों के आदेश पर आगे की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।- लेखराज सिंह, अधिशासी अभियंता