दरकी पड़ी पुल की विंग वॉल और कटी मिट्टी। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। यमुना नदी पुल की एक साल से दरकी विंग वॉल दो दिन की बारिश में और धंस गई। इससे बिलरायॉ-पनवाड़ी मार्ग से गुजरने वाली भारी वाहनों व सवारी वाहनों को खतरा बढ़ गया है। सब कुछ जानते हुए भी अधिकारी एक साल से अनजान हैं।
एक साल से बनने की बाट जोह रही यमुना नदी पुल की विंग वॉल तत्कालीन पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की लापरवाही के चलते आज तक नहीं बन सकी है। इस विंग वॉल के लिए एक साल पहले बनाए गए लगभग आठ करोड़ रुपये के प्रस्ताव में खामी के चलते अधीक्षण अभियंता कार्यालय से दुरुस्त कर फिर भेजने के निर्देश के साथ पीडब्ल्यूडी कार्यालय औरैया भेजा गया था। लेकिन तत्कालीन एक्सईएन ने इसकी अनदेखी की।
इस कारण आज तक विंग वॉल का रिवाइज इस्टीमेट पीडब्ल्यूडी कार्यालय औरैया में धूल फांक रहा है। शुक्रवार को निरीक्षण पर आए चीफ इंजीनियर परवेज अहमद खान और अधीक्षण अभियंता नरेश चंद्र ने जानकारी के बाद अभी तक रिवाइज इस्टीमेट न भेजे जाने पर अधीनस्थ अधिकारियों की जमकर लताड़ लगाई। जिस पर नए एक्सईएन अभिषेक यादव ने एक-दो दिन में प्रस्ताव को दुरुस्त कर भेजने का आश्वासन दिया।
ज्ञात हो कि शहर से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित यमुना नदी के पुल की विंग वॉल लगभग एक साल पहले दरक गई थी। जिससे मिट्टी कटने पर विंग वॉल के किनारे की सड़क भी धस गई थी। जानकारी पर तत्कालीन एक्सईएन अनिल जाटव ने ठेकेदार को निर्देश देकर धंसी सड़क और विंग वॉल के बीच बनी गहरी खाई को पाटने के लिए कई ट्राली मिट्टी भी डलवाई लेकिन यह कोशिश असफल रही। इस पर उसी समय एक्सईएन पीडब्ल्यूडी ने सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर के. मसरूर को बुलाकर विंग वॉल की स्थिति दिखाई। जिस पर निरीक्षण के बाद उन्होंने दूसरी विंग वॉल बनाने की राय दी।
सेतु निगम, इटावा के प्रोजेक्ट मैनेजर के. मसरूर ने कहा कि पुल के शुरूआती स्थान पर विंग वॉल बनाने के पीछे का मकसद पुल की सड़क से जुड़ने वाली सड़क के किनारे की मिट्टी को कटने से रोकना होता है। क्योंकि यदि मिट्टी कटती रही तो पुल की सड़क और मेन सड़क एक-दूसरे से कट जाएंगी। इसलिए विंग वॉल बनाई जाती है।
पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन अभिषेक यादव ने बताया कि विंग वॉल का रिवाइज इस्टीमेट भेजा जाना है। इसके लिए चीफ इंजीनियर और अधीक्षण अभियंता ने शुक्रवार को निरीक्षण के बाद निर्देश दिए थे। सोमवार को चीफ इंजीनियर कार्यालय को रिवाइज इस्टीमेट पहुंचा जाएगा।