संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। औरैया में यमुना नदी व दिबियापुर में नहर पुल पर बड़े वाहनों का यातायात पूरी तरह से प्रतिबंधित हो गया है। इससे झांसी से लेकर शाहजहांपुर तक जाने वाले वाहनों का सीधा संपर्क टूट गया है। इन रूट पर चलने वाले वाहनों को खराब सड़क, जाम से जूझते हुए कई किलो मीटर के चक्कर लगाने पड़ेंगे।
झांसी से मुरादाबाद तक जाने वाले वाहन सीधे युमना पुल से होकर औरैया आते थे। यहां से जालौन चौराहा होकर दिबियापुर नहर पुल पार करते हुए सीधे बिलराया-पनवाड़ी मार्ग से कन्नौज जाते थे। यह रूट काफी आसान था, मगर अब बड़े वाहनों को विलरायां पनवाड़ी राजमार्ग के बजाय छोटे ग्रामीण मार्गों से होकर गुजरना होगा। अछल्दा और कंचौसी में रेलवे क्रासिंग भी बड़े वाहनों के आवागमन में व्यवधान पैदा करेंगी। बता दें कि जालौन-औरैया जिले को जोड़ने वाला शेरगढ़ घाट के यमुना पुल पर 20 जुलाई से आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। जबकि 22 जुलाई शनिवार से दिबियापुर स्थित नहर पुल पर बड़े वाहनों का यातायात बंद कराया गया है।
विलरायां-पनवाड़ी राजमार्ग पर दोनों पुलों के बंद होने के बाद औरैया जिले से होकर गुजरने वाले उरई, झांसी, कन्नौज, फर्रूखाबाद, शाहजहांपुर, मुरादाबाद जिलों के बड़े वाहनों को सबसे अधिक परेशानी होगी। पीडब्ल्यूडी ने जो वैकल्पिक रास्ता तैयार किया है, उसमें औरैया की ओर आने वाले बड़े वाहन दिबियापुर बेला मार्ग पर सौंथरा अड्डा के पास बने रास्ते से होकर सहायल, इसके बाद सहायल से कंचौसी पहुंचेगा। बाद में कंचौसी से लखनपुर स्थित प्लास्टिक सिटी होते हुए कंचौसी मोड़ पहुंचेगा। इस मार्ग पर प्लास्टिक सिटी में बदहाल सड़क मार्ग एवं कंचौसी रेलवे क्रासिंग परेशानी का सबब बनेगी।
इस तरह बढ़ी दूरी
पूर्व में सौंथरा अड्डा (सहार) से कंचौसी मोड़ तक दिबियापुर के पुल से होकर आने पर दूरी 17 किलोमीटर थी। अब इस रूट से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से आने में 30 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ेगा। वहीं औरैया से बेला जाने के लिए दिबियापुर होकर 46 किलो मीटर सफर तय करना पड़ता था। मगर अब नए रूट के मुताबिक बेला जाने के लिए वाहनों को औरैया से फफूंद, फफूंद से अछल्दा, अछल्दा से बिधूना और बिधूना से बेला पहुंचना होगा। इसके लिए लोगों को 63 किलोमीटर का चक्कर लगाना होगा।
-
रेलवे क्रासिंग का जाम बनेगा बाधा
सुगम सफर में रूट डायवर्जन के बाद अछल्दा व कंचौसी रेलवे क्रासिंग पर लगने वाला जाम व्यवधान डालेगा। इन रेलवे क्रासिंग पर अक्सर जाम लगता है। अब नए रूट तय होने पर वाहनों की संख्या बढ़ेगी। ऐसी स्थिति में जाम से निपटना पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती होगा।
-
सोमवार को दिबियापुर में लगेगा हाईट गेज
दिबियापुर स्थित जर्जर नहर पुल पर बड़े वाहनों का यातायात बंद करने के लिए हाईट गेज लगाने के लिए डीएम ने निर्देश कर दिए। लेकिन शनिवार को हाईट गेज नहीं लगाया जा सका। इससे बड़े और भारी वाहन नहर पुल से गुजरते रहे। पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता अभिषेक यादव ने बताया कि हाईट गेज लगाने संबंधी सभी सामग्री रविवार को पहुंच जाएगी और सोमवार को लगा दिया जाएगा।
कंचौसी से कंचौसी मोड़ के बीच लगभग ढाई किलोमीटर रास्ता काफी खराब है। ठेेकेदार को इसे ठीक करने के निर्देश दे दिए गए हैं। एक दो दिन में रास्ते को इस योग्य बना दिया जाएगा कि बड़े वाहनों को निकलने में कोई परेशानी न हो।
- अभिषेक यादव, अधिशाषी अभियंता, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड