संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। शहर में संजय गेट के सामने बिजली का पोल लगाने के दौरान अंडरग्राउंड पाइप लाइन लीकेज हो गया। इससे तीन मोहल्लों की 700 आबादी के सामने सोमवार शाम से पेयजल संकट गहरा गया।
हालत यह है कि सुबह लोग बूंद-बूंद पानी को तरसे। समस्या की जानकारी होते ही पालिका कर्मचारियों की टीम लीकेज दुरुस्त करने को जुट गई। इससे देर शाम तक पेयजल व्यवस्था दुरुस्त होने की उम्मीद है।
शहर में संजय गेट के पास व बिजली केंद्र के पीछे बिजली विभाग की ओर से सोमवार शाम लगाए गए लोहे के पोल के चलते अंडरग्राउंड पड़ीं पानी की पाइप लाइन लीकेज हो गईं। इससे तीन कानपुर रोड पर ब्रह्मनगर, जमालशाह व तिलक नगर के कुछ हिस्सों में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई।
मंगलवार सुबह लोगों को पानी के लिए इधर-उधर लोगों से सबमर्सिबल पर पानी लेने को मजबूर होना पड़ा। इस समस्या से तीनों मोहल्लों के लगभग 700 उपभोक्ताओं को खासी परेशानी हुई। वहीं जानकारी होने पर नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर लीकेज पाइप लाइन को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया है।
इससे देर शाम लोगों को पानी मिलने की संभावना है। पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने बताया कि एक साथ दो पाइप लाइन लीकेज की शिकायत पर कर्मचारियों को मरम्मत के लिए भेजा गया है। मंगलवार शाम तक जलापूर्ति बहाल कराने के निर्देश दिए गए हैं।