औरैया। शहर में दिबियापुर रोड के दोनों ओर मोहल्लों में सालों से जलनिकासी की बनी समस्या आज भी कायम है। साल दर साल लोग इस कोढ़ से जूझ रहे थे। कागजी कवायद पूरी होने के साथ शुक्रवार को इस समस्या को स्थाई तौर पर दूर करने को सड़क के दोनों ओर नाला निर्माण का काम शुरू किया गया। जिस पर तकरीबन एक करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा।
शहर में जलभराव का कोढ़ सालों पुराना है। गोविंद नगर मोहल्ले से लेकर दिबियापुर रोड के कई मोहल्लों में जलभराव की गंभीर समस्या रहती थी। जलनिकासी के लिए नाला का अभाव परेशानी का सबब बना हुआ था। खास तौर पर बारिश के दिनों में यह समस्या लोगों को काफी हद तक परेशान करती है। नगर पालिका परिषद की ओर से इस समस्या को दूर करने के लिए अस्थाई तौर पर पंप लगाकर जलभराव के पानी को इधर से उधर कर दिया जाता था। पिछले दिनों नगर पालिका परिषद की ओर से की गई कागजी प्रक्रिया के बाद दिबियापुर रोड के दोनों ओर नाला निर्माण को लेकर एक करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया। टेंडर निकाले गए। अब इस कड़ी में शुक्रवार को यहां काम शुरू कराया गया है।
नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने पूजन किया। जेसीबी से नाला खुदाई का काम शुरू होने पर स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला। नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने बताया कि दिबियापुर रोड के दोनों ओर नाला निर्माण का काम किया जाएगा। काम का शुभारंभ करा दिया गया है।