संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। समाजवादी पार्टी के जिला सचिव पर जमुहां निवासी दिव्यांग ने मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर पर मारपीट एवं एससी एसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जिला सचिव ने आरोप मनगढ़ंत बताते हुए राजनीतिक साजिश के तहत रिपोर्ट दर्ज होने की बात कही है।
गांव जमुहां निवासी दिव्यांग शिव कुमार दोहरे ने तहरीर में आरोप लगाया कि तेहराज यादव का एनटीपीसी गेट के सामने रहते हैं। उन्होंने पीड़ित से अपने यहां जबरदस्ती काम करने के लिए कहा। आरोप लगाया कि 30 अप्रैल को पीड़ित अपनी ड्यूटी करके घर वापस जा रहा था। तभी रास्ते में अपने आवास पर खड़े तेहराज यादव ने रोक लिया। काम न करने पर उनके साथ मारपीट की और ट्राई साइकिल को क्षतिग्रस्त कर दिया।
इधर, सपा जिला सचिव तेहराज सिंह यादव का कहना है कि दिव्यांग के साथ उन्होंने कोई मारपीट नहीं की। उनकी उम्र लगभग 72 वर्ष है और आज दिन तक उन पर कोई रिपोर्ट दर्ज हुई है। आरोप लगाया कि राजनीतिक साजिश के तहत उन पर यह रिपोर्ट दर्ज हुई है। बताया कि वह उच्चाधिकारियों से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे। थाना दिबियापुर के प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।