अजीतमल। स्वास्थ्य केंद्र में जिला जज अनिल कुमार वर्मा एवं प्राधिकरण सचिव स्वाति चंद्रा के निर्देशन में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें विधिक जानकारी के साथ लोगों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में सीएचसी अधीक्षक डॉ. अवनीश कुमार ने सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन पर विशेष जानकारी देते हुए बताया कि सभी बीमारियों की जड़ गंदगी है। जिसके लिए आप को खुद सजग रहना होगा। जहां पर आप रह रहे हैं वहां पर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। डॉ. नरेंद्र शर्मा ने स्वास्थ्य केंद्रों पर मिलने वाली सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद डॉ. राकेश सिंह ने विधिक साक्षरता शिविर द्वारा लोगों को जागरूक करने के लिए शिविर लगाए जाने की जानकारी दी। साथ ही कहा कि ऐसे शिविर में जरूर पहुंचे, जिससे तमाम जानकारियां हासिल हो सकें। पीएलबी देवानंद दीक्षित ने थर्ड जेंडर एवं स्थाई लोक अदालत के बारे में लोगों को जानकारी दी। ग्रुप लीडर गोविंद सिंह ने लिंग समानता एवं विधिक से संबंधित कई जानकारी से अवगत कराया। बैठक में उपस्थित पीएलबी अमित कुमार, संजीव कुमार एएनएम, आशा कार्यकर्ता आदि रहे।