उन्नाव। डिप्थीरिया की पुष्टि होने पर किशोर को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। वहीं इमरजेंसी वार्ड में बुखार और डायरिया पीड़ित 16 मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
सफीपुर ब्लॉक के ककरौरा गांव निवासी संतोष के 15 साल के बेटे विशाल को बुखार और गले में कई दिन से दिक्कत थी। बुधवार को अधिक तबीयत बिगड़ने पर परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में बच्चे को डिप्थीरिया की पुष्टि होने पर भर्ती किया गया।
अभी तक जिले में डिप्थीरिया की चपेट में आकर 17 बच्चों की मौत हो चुकी हैं। वहीं 187 बच्चे चपेट में आ चुके हैं। सीएमओ डॉ.सत्यप्रकाश ने बताया कि स्वास्थ्य टीम गांव- गांव जाकर जांच कर रही है। इसके अलावा सभी सीएचसी और पीएचसी प्रभारियों को टीकाकरण संबंधी लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं इमरजेंसी वार्ड बुखार और डायिरया पीड़ित 16 गंभीर मरीज पहुंचे। डॉक्टर ने परीक्षण करने के बाद भर्ती किया। डेंगू और मलेरिया की संभावना पर बुखार मरीजों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया।