औरैया। यूपी बोर्ड की शुक्रवार को हुई हाईस्कूल व इंटरमीडियट की परीक्षा के दौरान केंद्रों पर बड़ी लापरवाही सामने आई। इस पर डीआईओएस ने पांच केंद्र प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
प्रथम पाली में हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान में पंजीकृत 25973 में परीक्षार्थियों में 22475 उपस्थित रहे, जबकि 2698 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट संस्कृत में पंजीकृत 377 में 347 परीक्षा उपस्थित रहे। 30 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कृषि गणित में पंजीकृत 133 परीक्षार्थियों में 119 उपस्थित रहे। कृषि विज्ञान में पंजीकृत 97 परीक्षार्थियों में 92 उपस्थित रहे। डीआईओएस डॉ. चंद्रशेखर मालवीय ने बताया कि ब्रज कुंवर राम कुमारी इंटर कॉलेज समरथपुर में इंटरमीडएट की परीक्षा में केंद्र के सुरक्षा मानक पूर्ण न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। उर्मिला देवी इंटर कॉलेज में स्ट्रांग लॉक बुक में समय से केंद्र व्यवस्थापक/सह केंद्र व्यवस्थापक और मजिस्ट्रेट की प्रश्न पत्रों के निकलने के संबंधी स्ट्रांग लॉग बुक में परीक्षा प्रारंभ होने तक की कोई इंट्री नहीं पाई गई और न ही समिति के सदस्यों के हस्ताक्षर अंकित थे। जेएनएसडी उत्तर माध्यमिक विद्यालय बहादुरपुर ऊंचा में स्ट्रांग रूम के पास गेट के ठीक सामने मोटर साइकिल खड़ी पाई गई। विद्यालय में 25 फरवरी के बाद रुटीन डायरी को पूर्ण नहीं किया गया। अलग पंजिका पर निरीक्षण टिप्पणी अंकित की गई। इसी तरह विजय शंकर शांती देवी उत्तर माध्यमिक विद्यालय बहादुर ऊंचा, जनता इंटर कॉलेज विरुहूनी में अनियमितता मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।