औरैया। दिबियापुर नगर के मुहाल नेहरू नगर स्थित सरकारी अस्पताल के बगल में बिजली का लगा जर्जर पोल कभी भी हादसे को दावत दे सकता है। अहम बात यह है कि इस जर्जर पोल को हटवाए जाने के लिए लोगों ने जिम्मेदारों तक जानकारी भी पहुंचाई, लेकिन किसी ने भी इस ओर काेई ध्यान देने की जरूरत नहीं समझी।
मोहल्लेवासियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द जर्जर पोल बदले जाने की मांग की है। लोगों ने बताया कि एचटी लाइन से जुड़ा यह बिजली पोल नीचे से पूरी तरह जीर्ण-शीर्ण हो चुका है। यह पोल सिर्फ बिजली के तारों पर ही टिका है। हवा में कब गिरकर हादसे का कारण बन जाए कुछ नहीं कहा जा सकता है। मोहल्ला निवासी ब्रज नारायण अवस्थी बताते हैं कि एक साल से उनके द्वारा कई बार लिखित और मौखिक रूप से इस जर्जर पोल को हटाए जाने की मांग बिजली विभाग के अधिकारियों से की गई।
अगर पोल न बदला गया तो जिलाधिकारी से मिलकर समस्या से निजात दिलाने की मांग करेंगे। इस संबंध में विद्युत उपकेंद्र असेनी के अवर अभियंता ने बताया कि मैंने कुछ दिन पूर्व नगर का चार्ज लिया है। जानकारी करके दूसरा पोल लगवाया जाएगा। संवाद