औरैया। चिचौली स्थित 100 शैया युक्त जिला अस्पताल में पिछले पांच माह से चल रहा डायलिसिस यूनिट का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इस माह के आखिरी सप्ताह में हस्तांतरण की संभावनाएं जताई जा रहीं हैं। इस यूनिट के जल्द शुरु होने से डायलिसिस के जरूरतमंद मरीजों को बाहर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
शासन की ओर से औरैया जिले के 100 शैया युक्त जिला अस्पताल परिसर में डायलिसिस यूनिट के निर्माण को 58 लाख रुपये के बजट की संस्तुति दी गई थी। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम की ओर से लगभग पांच माह से इस यूनिट का चल रहा निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब अंतिम दौर में पुताई आदि काम शेष है। इसकी माह के अंतिम सप्ताह तक पूरा होने की उम्मीद है। ऐसे में विभागीय अधिकारियों की ओर से इस माह के अंतिम सप्ताह में डायलिसिस यूनिट की इमारत अस्पताल प्रशासन को हस्तांतरित होने की संभावनाएं जताई जा रहीं हैं।
इस डायलिसिस यूनिट के संचालन से जिले के डायलिसिस से जुड़े मरीजों के लिए बहुत बड़ा वरदान साबित होगा। क्योंकि जरूरत के समय मरीजों को कानपुर, लखनऊ, आगरा समेत अन्य शहरों को दौड़ना पड़ता था। ऐसे में मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
डायलिसिस यूनिट में बने ये कक्ष
एक वी वार्ड (वर्चुअल वार्ड), एक ईएलसी कक्ष (इंडोजिनियस लीथियम क्लीयरेंस रूम), एक डीआरआर कक्ष (डिजिटली रिकंस्ट्रक्टिड रेडियोग्राफ रूम), एक स्टाफ कक्ष, एक स्टोर व ओपीडी कक्ष
वर्जन
डायलिसिस यूनिट की इमारत बनकर तैयार हो गई है। लखनऊ से टीम आकर निरीक्षण करेंगी। टीम के इसी सप्ताह आने की संभावना है। ऐसे में अप्रैल माह के आखिरी सप्ताह में इमारत को स्वास्थ्य विभाग के सुपुर्द कर दिया जाएगा। राजन खन्ना, जेई स्वास्थ्य निर्माण विभाग, औरैया।