औरैया। बीहडांचल स्थित देवकली व मां मंगला काली मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का ऐतिहासिक स्थल है। सावन, महाशिवरात्रि और नव दुर्गा पर यहां हजारों श्रद्धालु दूर-दूर से आते हैं। बिना टिनशेड के दर्शनार्थी धूप और बरसात झेलते हैं।
शहर से पांच किलो मीटर दूर यमुना नदी किनारे भगवान शिव का ऐतिहासिक देवकली मंदिर व पास में ही मां मंगला काली माता का प्राचीन मंदिर स्थित है। सैकड़ों साल पुराने इन मंदिरों में पूजा आराधना करने को हर साल श्रावण मास व नवरात्र के दिनों में भक्तों की जबरदस्त भीड़ उमड़ती है। यहां दर्शन को आने वाले भक्त जनपद से ही नहीं बल्कि जालौन, कन्नौज, कानपुर, लखनऊ, झांसी, आगरा आदि दूर-दूर स्थानों से आते हैं।
सावन के महीने में देवकली मंदिर पर भक्तों की जबरदस्त भीड़ होती है। जहां लगभग एक किलोमीटर तक खुले आसमान के नीचे भक्तों को लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में तेज पड़ने वाली धूप और बारिश का श्रद्धालुओं का सामना करना पड़ता है। श्रद्धालुओं को बारिश और धूप से बचाव के लिए कोई इंतजाम नहीं देखने को मिल रहे हैं।
लगभग साढ़े तीन साल पहले तत्कालीन जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा के निर्देश पर महाकालेश्वर देवकली व मां मंगलाकाली देवस्थान एवं गोवंश संवर्धन संरक्षण ट्रस्ट बनाया गया था। इस ट्रस्ट के माध्यम से हर साल लाखों रुपये का मेला व प्रदर्शनी का टेंडर उठता है। नुमाइश मैदान में लगने वाली प्रदर्शनी से भी मंदिर ट्रस्ट का पैसा मिलता है। प्रतिवर्ष लाखों रुपयों के टेंडर मेला, वाहन पार्किंग आदि का उठाया जा रहा है। इसके बावजूद भी यहां पर श्रद्धालुओं के लिए न तो टिनशेड है और न ही यूरिनल की सुविधा। इससे श्रद्धालुओं को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है।
-
कमेटी को श्रद्धालुओं की समस्या का हल करना चाहिए
फोटो25एयूआरपी 12- आनंद नाथ गुप्ता
देवकली मंदिर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा करने आते हैं। सावन के महीने में मंदिर के बाहर लगने वाली लंबी लाइन में श्रद्धालु भीगते हुए अक्सर देखे जाते हैं। कमेटी को उनकी समस्या को समझना चाहिए और उनकी समस्या का निराकरण भी करना चाहिए। - आनंद नाथ गुप्ता, समाजसेवी
-
तेज धूप में लंबी लाइन में अक्सर महिलाएं बेहोश हो जातीं हैं
फोटो25एयूआरपी 13- मनीष पुरवार
तेज धूप होने पर लाइन में लगने वाले भक्त अक्सर बेहोश होकर जमीन पर गिर जाते है। जिनमें महिलाओं की संख्या अधिक होती है। उनकी दिक्कतों को भी कमेटी प्रशासन को ध्यान देना चाहिए। जैसे रैलिंग लगवाई गई है वैसे ही उसके ऊपर टिनशेड का इंतजाम किया जाना चाहिए।- मनीष पुरवार, व्यापारी
-
गंदगी के कारण दुर्गंध से हो रही परेशानी
फोटो25एयूआरपी 14- नुपूर सेंगर
देवकली मंदिर पहुंचने वाले भक्तों को जालौन रोड पर फैली गंदगी के कारण भी दुर्गंध से परेशान होना पड़ता है। अक्सर तेज हवा के दौरान यह गंदगी शिव भक्तों के ऊपर गिरती है। जिला प्रशासन को भक्तों को पवित्रता को बनाए रखने के लिए सख्त इंतजाम किए जाने चाहिए। - नुपूर सेंगर
-
दर्शन को लेकर कमेटी को दिखानी होगी गंभीरता
फोटो25एयूआरपी 15- बबिता गुप्ता
देवकली मंदिर में भगवान शिव के दर्शन को आने वाली भक्तों की भीड़ में महिलाओं की संख्या भी अधिक रहती है। महिलाओं को दर्शन को लेकर कमेटी को बेहद गंभीरता दिखानी चाहिए। टिनशेड होने पर उन्हें बारिश में भीगना नहीं पड़ेगा तो वहीं धूप होने पर भी परेशानी नहीं होगी।- बबिता गुप्ता, समाजसेविका
-
श्रद्धालुओं की समस्याओं को देखते हुए मंदिर में शीघ्र ही टिनशेड और यूरिनल की व्यवस्था की जाएगी। इससे गर्मी व बरसात में दर्शनार्थियों को किसी तरह की दिक्कत न हो।
जिलाधिकारी, डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी