औरैया। लोकसभा चुनाव के लिए बसें तैयार होने लगी हैं। मरम्मत कार्य को बारीकी से कराया जा रहा है। 70 बसों के डिपो के बेड़े को संचालन के साथ ही चुनाव में लगाने को लेकर समन्वय व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी गई है।
मुख्यालय के क्षेत्रीय व सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को भेजे गए निर्देश में कहा है कि लोकसभा निर्वाचन में अर्द्धसैनिक बल, राज्य पुलिस कर्मी व होमगार्ड्स के क्षेत्र में मार्च के लिए बसों के इंतजाम अभी से कर दिया जाए। साथ ही जिला प्रशासन की मांग पर तत्काल उन्हें बसें उपलब्ध कराई जाएं। इसके अलावा 25 बसों के बेड़े के लिए एक समन्वयक के रूप में योग्य लिपिक की तैनाती की जाए।
यह समन्वयक बसों के प्रस्थान व आवागमन दर्ज करेंगें और निगम मुख्यालय के प्रमुख नंबरों पर सूचना देंगे। हर समन्वयक के पास 2500 रुपये चिकित्सीय व्यवस्था के लिए उपलब्ध रहेगा। निर्वाचन कार्य में लगी सभी बसों पर 12 इंच लंबे व चार इंच चौड़े सफेद रंग के स्टीकर लगाए जाएंगे। उस पर लाल रंग से अर्द्धसैनिक बल, राज्य पुलिस कर्मी अथवा होमगार्ड्स लिखा जाएगा। ताकि उनकी पहचान आसानी से हो सके। यह स्टीकर बसों के आगे-पीछे लगाए जाएंगे। एआरएम अपर्णा मीनाक्षी ने बताया कि मुख्यालय से मिले निर्देशों के तहत बसों की मरम्मत को पुख्ता किया जा रहा है। निर्देशों के तहत इंतजाम पूरे किए जा रहे हैं। मांग पर बसों को मुहैया कराया जाएगा।