जगदीश चंद्र की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : AURAIYA
बिधूना/बेला (औरैया)। बेला थानाक्षेत्र के दौलतपुर में बुधवार रात एक घर के बाहर टिनशेड में करंट उतरने पर बकरी चपेट में आ गई। बकरी की चिल्लाने पर दौड़े घर के चार सदस्य भी करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से ससुर व बहू की मौत हो गई, जबकि मां व बेटा गंभीर रूप से झुलस गए। पड़ोसियों ने झुलसे लोगों को बिधूना सीएचसी में भर्ती कराया।
दौलतपुर गांव निवासी किसान जगदीश चंद्र (55) बुधवार रात घर के बाहर टिनशेड के नीचे सो रहे थे। रात करीब दो बजे किसी तरह पंखे के पास से निकले केबल से करंट टिन शेड में उतर आया। इससे वहां पर बंधी बकरी चपेट में आ गई। बकरी के चीखने पर जगदीश के अलावा उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी, बेटा अनुराग व बहू रेखा भी जाग गए और बकरी को हटाने लगे। तभी सभी करंट की चपेट में आ गए।
चारों लोगों के चीखने की आवाजें सुनकर पड़ोसी महेश चंद्र समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और लाठी के सहारे किसी तरह चारों लोगों को करंट से छुड़ाया और एंबुलेंस से सीएचसी बिधूना ले गए। वहां पर डॉक्टरों ने जगदीश व उनकी बहू रेखा (25) को मृत घोषित कर दिया। लक्ष्मी देवी की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उनको सैफई रेफर किया, जबकि अनुराग का इलाज बिधूना में चल रहा है। थाना प्रभारी जीवाराम ने बताया कि करंट की चपेट में आने से ससुर-बहू की मौत हुई है।
रेखा की फाइल फोटो। संवाद- फोटो : AURAIYA
ससुर-बहू की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन। संवाद- फोटो : AURAIYA