औरैया। सोमवार की देर शाम जालौन रोड किनारे मोरंग के ढ़ेर पर दुकानदारों ने 30 वर्षीय युवक का शव पड़ा देखा। हत्या कर शव फेंके जाने की सूचना पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
सदर कोतवाली के अंतर्गत आने वाले शहर से जालौन की ओर जाने वाले विलराया-पनवाड़ी मार्ग पर मोरंग की दुकानें हैं। जिसके चलते कई स्थानों पर मोरंग के ढ़ेर लगे हुए हैं। सोमवार की शाम लगभग पांच बजे दुकानदारों ने मोरंग के ढ़ेर पर 30 वर्षीय युवक का शव पड़ा देखा। शव काफी दिन पुराना होने और हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई। जिसकी जानकारी दुकानदारों ने कोतवाली पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया। लोगों ने शव की पहचान गीतम (30) पुत्र रमेश चंद्र निवासी पैगंबरपुर के रूप में की। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि गीतम 18 अगस्त की दोपहर से गायब था। जिसकी खोजबीन की जा रही थी। लेकिन जानकारी न मिलने से परिजन परेशान थे। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गीतम सिंह शराब का आदी था। संभावना है कि अधिक शराब के नशे में वह मोरंग पर गिर गया और उसने दम तोड़ दिया।
क्षेत्राधिकारी सदर महेंद्र प्रताप ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण ज्ञात हो सकेगा। जानकारी करने पर पता चला कि गीतम सिंह कई-कई दिनों तक घर नहीं जाता था। वह शराब का लती था।