दिबियापुर। थाना क्षेत्र के अबाबर में गुरुवार सुबह एक युवक का संदिग्ध हालात में चारपाई पर शव पड़ा मिला। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पत्नी व ससुरालियों ने हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अबाबर निवासी राशिद उर्फ तोता (29) पुत्र जलालुद्दीन का शव गुरुवार सुबह चारपाई पर पड़ा मिला। मृतक घर पर अपने परिवार व भाइयों के साथ रहता था। पत्नी रुखसाना तीन वर्ष के बेटे के साथ 20 दिन पहले मायके गई थी। पड़ोसियों से मिली जानकारी पर पत्नी व साला शफी मोहम्मद निवासी बान मंगलपुर कानपुर देहात गांव पहुंचे। साले ने बहनोई के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर थाना प्रभारी राकेश शर्मा ने परिजनों से पूछताछ कर जांच पड़ताल की। मृतक के भाई मुन्नी ने बताया कि रात में खाना खाने के बाद सभी लोग सो गए थे। भाई काफी दिनों से बीमार चल रहा था। इधर मायके वालों ने मृतक के परिजनों पर कई आरोप लगाए। मामला संदिग्ध देख पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी राकेश शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी। अभी तक तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।